हम सब पैसे के लिए जीवन भर मेहनत करते हैं। फिर भी न तो हमारी ज़रूरतें पूरी होती हैं और न ही पैसों की हमारी चाह खत्म होती है। आखिर ऐसा क्यों है? क्या पैसे कमाने के अलावा भी हमें कुछ जानने की ज़रूरत है?
लेखक बताते हैं कि पैसा कमाना एक बात है और उसे संभालकर रखना दूसरी। बहुत से लोग मेहनत करके पैसा तो कमा लेते हैं, लेकिन उसे अपने पास बनाए रखने में असमर्थ होते हैं। इसलिए वे जितनी मेहनत से पैसा कमाते हैं, उतनी ही आसानी से उसे खर्च भी कर देते हैं।
पैसा कमाना तो लगभग हर कोई स्कूल और कॉलेज जाकर सीख जाता है। लेकिन पैसे को संभालकर रखना और उसे बढ़ाना बहुत कम लोग सीख पाते हैं। लेखक के अनुसार वित्तीय दुनिया तथ्यों से ज़्यादा हमारी भावनाओं के अनुसार चलती है। इसमें अनुशासन और अच्छी आदतों के बिना सफलता पाना मुश्किल होता है। इसलिए पैसों की सही मानसिकता को समझना ज़रूरी है।
1. कोई भी मुर्ख नहीं है
आप धन-दौलत के बारे में कुछ ऐसा जानते हैं जो मैं नहीं जानता, और इसका उल्टा भी उतना ही सच है। जिन धारणाओं, उद्देश्यों और अनुभवों के साथ आप अपना जीवन जीते हैं, वे मुझसे अलग हो सकते हैं।
ऐसा इसलिए नहीं है कि हम एक-दूसरे से ज़्यादा होशियार हैं या ज़्यादा जानकारी रखते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि हमारे जीवन अलग-अलग अनुभवों से बने हैं।
हम सभी पैसे के साथ कुछ मूर्खतापूर्ण फैसले करते हैं, क्योंकि हम सब इस खेल में अभी भी नए हैं। जो बात आपको मूर्खतापूर्ण लगे, वही मेरे लिए सही हो सकती है। लेकिन मूर्ख कोई भी नहीं है। हम सब अपने अनुभवों के आधार पर ऐसे फैसले लेते हैं, जो उस समय हमें सही लगते हैं।
2. भाग्य और जोखिम
भाग्य और जोखिम दोनों इस सच्चाई का हिस्सा हैं कि जीवन में हर नतीजा सिर्फ हमारे प्रयासों पर निर्भर नहीं करता। कई दूसरी ताकतें भी उस पर असर डालती हैं। दोनों इतने सामान्य हैं कि एक को माने बिना दूसरे को नहीं समझा जा सकता।
ये दोनों इसलिए मौजूद हैं क्योंकि दुनिया इतनी जटिल है कि हमें 100% प्रयासों के 100% नतीजे नहीं मिल सकते।
हम सफलता और असफलता को देखकर यह सीखने की कोशिश करते हैं कि जिसने सफलता पाई, वही करो, और जिसने असफलता पाई, उससे बचो।
असफलता का सामना करने का एक तरीका यह है कि हम अपने वित्तीय जीवन को इस तरह संभालें कि एक खराब निवेश या एक बुरी परिस्थिति हमें पूरी तरह बर्बाद न कर दे। ताकि हम दोबारा भाग्य अपने पक्ष में होने तक आगे बढ़ते रहें।
3. पर्याप्त
जो हमारे पास है और जिसकी हमें ज़रूरत है, उसे किसी ऐसी चीज़ के लिए दांव पर लगाने का कोई मतलब नहीं है, जो हमारे पास नहीं है और जिसकी हमें ज़रूरत भी नहीं है।
सामाजिक तुलना की कोई सीमा नहीं होती। इसका मतलब है कि यह ऐसी लड़ाई है जिसे कभी पूरी तरह जीता नहीं जा सकता। इसे जीतने का सबसे अच्छा तरीका है कि इसमें उतरें ही नहीं।
लास वेगास के कसीनो में जीतने का सबसे आसान तरीका यही है कि जैसे ही आप अंदर जाएँ, वैसे ही वापस बाहर निकल आएँ।
4. कंपाउंडिंग का रहस्य
वॉरेन बफेट की 84.5 बिलियन डॉलर की कुल संपत्ति में से 81.5 बिलियन डॉलर उनके 65वें जन्मदिन के बाद बने। हमारा दिमाग ऐसी लंबी अवधि के असर को आसानी से समझ नहीं पाता।
हम अक्सर कंपाउंडिंग की ताकत को नज़रअंदाज़ कर देते हैं और दूसरी चीज़ों से समस्या का हल ढूंढने लगते हैं। ऐसा इसलिए नहीं कि हम ज़्यादा सोचते हैं, बल्कि इसलिए कि हम शायद ही कभी रुककर कंपाउंडिंग की ताकत के बारे में सोचते हैं।
अच्छे निवेश का मतलब बड़ा प्रॉफिट कमाना नहीं है, क्योंकि बड़ा प्रॉफिट अक्सर एक ही बार मिलता है और उसे बार-बार नहीं दोहराया जा सकता। अच्छे निवेश का मतलब ऐसे प्रॉफिट कमाना है जिन्हें लंबे समय तक बनाए रखा जा सके और जो बार-बार मिलते रहें। तभी कंपाउंडिंग अपना असली असर दिखाती है।
5. धनवान बनना बनाम धनवान बने रहना
संपत्ति बनाना एक बात है, और उसे बनाए रखना दूसरी।
धन बनाने के लिए जोखिम उठाना, आशावादी होना और साहस के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।
लेकिन धन बनाए रखने के लिए इसका उल्टा जरूरी है। इसके लिए विनम्रता और यह समझ जरूरी है कि जो हमें मिला है, वह उतनी ही जल्दी हमसे छिन भी सकता है।
6. सफलता का प्रतिशत
एक बात जो हमें निवेशकों और उद्योगपतियों से सीखनी चाहिए, वह यह है कि कोई भी हमेशा सही फैसले नहीं लेता। सबसे सफल लोगों के पास भी कई खराब योजनाएँ होती हैं, जिन पर वे कभी-कभी अमल भी कर बैठते हैं।
एक निवेशक आधा समय गलत होकर भी संपत्ति बना सकता है। इसका मतलब है कि हम यह कम समझते हैं कि बहुत-सी चीज़ों का असफल होना कितना सामान्य है।
जब हम किसी सफल व्यक्ति की उपलब्धियों पर ही ध्यान देते हैं, तो हम यह भूल जाते हैं कि उसकी सफलता उसके सभी कामों का सिर्फ एक छोटा हिस्सा होती है।
इसी कारण हम अपनी असफलताओं, नुकसान और गलतियों को देखकर सोचने लगते हैं कि हम कुछ गलत कर रहे हैं। जबकि सच यह है कि सफल लोग भी उतनी ही बार गलत हो सकते हैं, जितनी बार हम होते हैं। फर्क बस इतना है कि जब वे सही होते हैं, तो बड़ा असर छोड़ते हैं।
7. संपत्ति का लाभांश
हम क्या करना चाहते हैं, कब करना चाहते हैं, किसके साथ करना चाहते हैं और कितने समय तक ऐसा कर सकते हैं यह अमूल्य है। यही संपत्ति का सबसे बड़ा लाभ है।
थोड़ी-सी बचत का मतलब है कि बीमार होने पर कुछ दिन काम से छुट्टी ली जा सके, बिना बैंक खाता खाली किए।
थोड़ी और संपत्ति का मतलब है कि नौकरी जाने के बाद बेहतर नौकरी मिलने तक इंतजार किया जा सके, बजाय पहली मिली नौकरी लेने के। यह जीवन बदल सकता है।
छह महीने का आपातकालीन फंड होने का मतलब है कि हम अपने बॉस से डरकर न रहें, क्योंकि हमें पता है कि जरूरत पड़ने पर नई नौकरी ढूंढने का समय हमारे पास होगा।
और इससे भी ज्यादा संपत्ति का मतलब है कि हम कम वेतन लेकिन बेहतर जीवन वाली नौकरी चुन सकें, शायद ऐसी जिसमें आने-जाने में कम समय लगे।
8. कार में बैठे आदमी का विरोधाभास
हम सभी संपत्ति इसलिए चाहते हैं ताकि हम दूसरों को दिखा सकें कि हम सफल हैं और लोग हमारी प्रशंसा करें।
लेकिन सच यह है कि लोग हमारी संपत्ति की उतनी प्रशंसा नहीं करते, जितनी हम सोचते हैं। वे हमारी चीज़ों को देखकर अपनी इच्छाओं के बारे में सोचने लगते हैं, हमारी तारीफ़ करने के बारे में नहीं।
हम अक्सर दूसरों का सम्मान और प्रशंसा पाने के लिए महंगी चीज़ें खरीदते हैं। लेकिन जितना सम्मान और प्रशंसा हम उम्मीद करते हैं, उतनी हमें नहीं मिलती।
अगर हम सच में दूसरों का सम्मान और प्रशंसा पाना चाहते हैं, तो वह दिखावे से नहीं, बल्कि विनम्रता, दया और संवेदनशीलता से ज़्यादा मिल सकती है।
9. संपत्ति दिखती नहीं
ज़्यादातर लोगों के लिए अमीर व्यक्ति को पहचानना आसान होता है, लेकिन वास्तव में संपन्न व्यक्ति को पहचानना मुश्किल होता है। क्योंकि उनकी असली संपत्ति अक्सर दिखाई नहीं देती।
जब ज़्यादातर लोग कहते हैं कि वे करोड़पति बनना चाहते हैं, तो उनका मतलब अक्सर यह होता है कि वे करोड़ों रुपये खर्च करना चाहते हैं। जबकि यह करोड़पति होने के बिल्कुल उल्टा है।
अमीर दिखने का सबसे आसान तरीका है महंगी चीज़ों पर खूब पैसा खर्च करना। लेकिन अमीर बनने का तरीका है उस पैसे को बचाना, जो हमारे पास है, न कि उसे खर्च करना।
10. धन-संपत्ति की बचत करना
एक आसान लेकिन अक्सर अनदेखी की जाने वाली बात यह है कि संपत्ति बनाने का संबंध हमारी इनकम या निवेश से होने वाले प्रॉफिट से कम और हमारी बचत की आदत से ज़्यादा होता है।
ज़रूरत से ज़्यादा खर्च करना हमारे अहंकार को दिखाता है। वहीं बचत बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका सिर्फ इनकम बढ़ाना नहीं, बल्कि अपनी इच्छाओं पर नियंत्रण रखना है।
जिन लोगों की फाइनेंशियल सफलता लंबे समय तक बनी रहती है, ज़रूरी नहीं कि उनकी इनकम सबसे ज़्यादा हो। उनकी एक खास आदत होती है कि वे इस बात की ज़्यादा चिंता नहीं करते कि दूसरे लोग उनके बारे में क्या सोचते हैं।
11. उचित और तर्कशील
वित्तीय फैसले लेते समय पूरी तरह तर्कशील बनने की कोशिश न करें। सिर्फ इतना प्रयास करें कि आपके फैसले उचित हों। उचित होना ज़्यादा वास्तविक है और हम इसे लंबे समय तक निभा सकते हैं। यही संपत्ति बनाने का एक महत्वपूर्ण कारण है।
एक तर्कशील निवेशक सिर्फ तथ्यों के आधार पर फैसला लेता है। वहीं एक उचित निवेशक अपने फैसले उन लोगों और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लेता है, जिनके साथ उसे लंबे समय तक रहना होता है।
जो निवेशक सिर्फ तर्क के आधार पर फैसले लेते हैं, उनके अपनी रणनीति बदलने की संभावना ज़्यादा होती है। जबकि उचित निवेशक अपनी योजना पर टिके रहते हैं। इसलिए लंबे समय तक सफल रहने की संभावना भी उनकी ज़्यादा होती है।
12. अप्रत्याशित भविष्य
इतिहास हमें अपनी अपेक्षाओं को परखने और यह समझने में मदद करता है कि लोग कहाँ गलती करते हैं। साथ ही, इतिहास हमें यह भी बताता है कि कौन-सी बातें पहले काम कर चुकी हैं। लेकिन इतिहास भविष्य नहीं बताता।
जो लोग मानते हैं कि अतीत की सबसे अच्छी और सबसे बुरी घटनाएँ भविष्य में भी वैसी ही दोहराई जाएँगी, वे इतिहास से सीख नहीं रहे होते। वे बदलती परिस्थितियों को पुराने अनुभवों से मापने की कोशिश कर रहे होते हैं।
यह एक दिलचस्प बात है। जब हमसे कोई गलती होती है, तो हम कहते हैं, "अब मैं ऐसी गलती दोबारा नहीं करूँगा।" लेकिन अगर गलती इसलिए हुई क्योंकि हम किसी चीज़ का अनुमान नहीं लगा पाए, तो असली सीख यह है कि दुनिया का सही अनुमान लगाना आसान नहीं है।
13. गलतियों के लिए जगह
हर योजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा यह होता है कि अगर योजना काम न करे, तो क्या करना है।
हम लगभग हर तरह के जोखिम के लिए तैयारी कर सकते हैं, सिवाय उसके जो इतना अप्रत्याशित हो कि हमारे दिमाग में कभी आया ही न हो।
गलतियों के लिए जगह छोड़ने की समझ इसी बात में है कि अनिश्चितता, संयोग और अचानक होने वाली घटनाएँ जीवन का हिस्सा हैं।
इनका सामना करने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि हम जो होने की उम्मीद करते हैं और जो वास्तव में होता है, उसके बीच थोड़ा अंतर मानकर चलें। ताकि मुश्किल समय आने के बाद भी हमारे पास आगे बढ़ने की ताकत बची रहे।
14. मानव स्वभाव का बदलना
लंबी अवधि की योजना बनाना जितना आसान लगता है, उतना होता नहीं है। क्योंकि समय के साथ हमारे लक्ष्य और इच्छाएँ बदल जाती हैं।
वॉरेन बफेट जैसे लोगों के सफल होने का एक बड़ा कारण यह है कि वे दशकों तक एक ही काम करते रहते हैं। इसी वजह से कंपाउंडिंग अपना पूरा असर दिखा पाती है।
लेकिन हममें से ज़्यादातर लोग अपने जीवन में इतना बदल जाते हैं कि एक ही काम को दशकों तक करना नहीं चाहते। इसलिए 80 साल के जीवन के बजाय हमारी संपत्ति को शायद 20-20 साल के चार अलग-अलग दौर मिलते हैं।
यह कहना अलग बात है कि हमें नहीं पता भविष्य में क्या होगा। लेकिन यह मान लेना और भी कठिन है कि हमें आज यह भी नहीं पता कि भविष्य में हम क्या चाहेंगे। जो लोग अपनी इच्छाओं और लक्ष्यों को संभाल पाते हैं और दशकों तक अपने काम पर टिके रहते हैं, वही लंबी अवधि का फायदा उठा पाते हैं।
15. कुछ भी मुक्त नहीं होता
हर काम तब तक आसान लगता है, जब तक हम उसे खुद नहीं करते। क्योंकि मैदान में उतरने वाले व्यक्ति का संघर्ष बाहर खड़े लोगों को दिखाई नहीं देता।
बहुत-सी चीज़ें सिद्धांत की तुलना में असल जीवन में कहीं ज़्यादा कठिन होती हैं। कई बार ऐसा इसलिए होता है क्योंकि हम ज़रूरत से ज़्यादा आत्मविश्वासी होते हैं। लेकिन ज़्यादातर बार ऐसा इसलिए होता है क्योंकि हम असफलता की कीमत को सही तरह नहीं समझते और उसे चुकाने के लिए तैयार नहीं होते।
निवेश में सफलता की कीमत तुरंत दिखाई नहीं देती। उसका कोई प्राइस टैग नहीं होता जिसे हम देख सकें। इसलिए जब वह कीमत चुकाने का समय आता है, तो वह किसी अच्छी चीज़ की फीस नहीं, बल्कि किसी गलती की सज़ा जैसी लगती है। इसी कारण ज़्यादातर लोग वह कीमत नहीं चुकाना चाहते।
सफलता की कीमत चुकाने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि हम खुद को याद दिलाएँ कि यह एक ज़रूरी फीस है। अस्थिरता और अनिश्चितता से निपटने का सही तरीका सिर्फ उन्हें सहना नहीं, बल्कि यह समझना है कि यह सफलता की कीमत है, जिसे चुकाना ही पड़ता है।
16. आप और मैं अलग है
निवेशक और ट्रेडर, दोनों के लक्ष्य और समय-सीमा अलग-अलग होती हैं। यही बात हर तरह की संपत्ति पर लागू होती है। जो कीमत एक व्यक्ति को बेकार लगती है, वही दूसरे के लिए सही हो सकती है। क्योंकि दोनों अलग नज़रिए से फैसला लेते हैं।
अगर हम हर बबल का दोष सिर्फ लालच पर डाल दें, तो हम यह समझने का मौका खो देते हैं कि उस समय लोगों को उनके फैसले सही क्यों लगे।
यहाँ सबसे बड़ी सीख यह है कि पैसे के मामले में सबसे ज़रूरी चीज़ अपनी समय-सीमा को समझना है। साथ ही, उन लोगों के फैसलों से प्रभावित नहीं होना चाहिए जो हमसे बिल्कुल अलग खेल खेल रहे हैं।
17. निराशावाद का बहकावा
सच्चा आशावादी यह नहीं मानता कि सब कुछ हमेशा अच्छा ही होगा। ऐसा सोचना लापरवाही होगी। आशावाद का मतलब यह विश्वास रखना है कि समय के साथ अच्छे नतीजे मिलने की संभावना हमारे पक्ष में रहती है, भले ही रास्ते में कई रुकावटें आएँ।
कुछ बातें ऐसी हैं जो वित्तीय निराशावाद को आशावाद की तुलना में ज़्यादा आसान, सामान्य और भरोसेमंद बना देती हैं।
- धन हर जगह मौजूद है। इसलिए जब कुछ बुरा होता है, तो उसका असर लगभग सभी पर पड़ता है और वह तुरंत सबका ध्यान खींच लेता है।
- निराशावादी अक्सर मौजूदा हालात का बाहर से विश्लेषण करते हैं, लेकिन इस बात पर ध्यान नहीं देते कि समय के साथ मार्केट खुद को कैसे बदल लेते हैं।
- प्रगति इतनी धीरे-धीरे होती है कि वह आसानी से दिखाई नहीं देती, जबकि असफलता इतनी तेज़ी से आती है कि उसे अनदेखा करना मुश्किल होता है।
निराशावाद से बचने के लिए यह याद रखें कि विकास कंपाउंडिंग से होता है, और कंपाउंडिंग को हमेशा समय चाहिए। जबकि विनाश अक्सर एक ही गलती या एक घटना से कुछ ही पलों में हो सकता है।
18. जब आप कुछ भी मान लेंगे
जितना ज़्यादा हम किसी बात को सच होते देखना चाहते हैं, उतनी ही ज़्यादा संभावना होती है कि हम ऐसी कहानी पर विश्वास कर लें, जो उस बात के सच होने की संभावना को वास्तविकता से ज़्यादा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाती है।
यह मानना कि हम बहुत-सी चीज़ें नहीं जानते, इसका मतलब यह भी मानना है कि दुनिया में बहुत कुछ ऐसा होता है जो हमारे नियंत्रण से बाहर है। और इसे स्वीकार करना आसान नहीं होता।
हम जिसे सच होते देखना चाहते हैं और जिस बात के सच होने की हमें ज़रूरत महसूस होती है, इन दोनों के बीच जितना ज़्यादा अंतर होगा, उतना ही हम खुद को वित्तीय भ्रम और झूठी कहानियों का शिकार बनने से बचा पाएँगे।
निष्कर्ष
The Psychology of Money सिर्फ पैसे कमाने की किताब नहीं है। यह हमें सिखाती है कि पैसे के बारे में सही फैसले लेना, सिर्फ ज्ञान या गणित का खेल नहीं है। हमारे व्यवहार, धैर्य, आदतें और भावनाएँ इसमें कहीं ज़्यादा बड़ी भूमिका निभाती हैं।
इस किताब का सबसे बड़ा संदेश यह है कि वित्तीय सफलता हमेशा सबसे होशियार व्यक्ति को नहीं मिलती, बल्कि उसे मिलती है जो लंबे समय तक सही आदतों पर टिके रहने की क्षमता रखता है। कंपाउंडिंग, बचत, जोखिम को समझना और अपनी इच्छाओं पर नियंत्रण रखना -यही वे बातें हैं जो समय के साथ वास्तविक संपत्ति बनाती हैं।
अगर हम इस किताब की सीख को अपने जीवन में लागू कर सकें, तो हम सिर्फ ज़्यादा पैसा ही नहीं, बल्कि पैसे के साथ एक बेहतर रिश्ता भी बना सकते हैं। यही इस किताब की सबसे बड़ी सीख है।
बुक समरी वेबसाइट Blinkist, Readers Book Club और ShortForm